राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सक्रिय भागीदारी की मुख्यमंत्री की अपील, 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाने का किया आग्रह
मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि जब बात बच्चों के भविष्य की हो, तब हमारी थोड़ी-सी सतर्कता भी बड़ा परिवर्तन ला सकती है। पोलियो की दो बूंद केवल एक दवा नहीं, बल्कि बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है।

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर माता-पिता एवं अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद जीवनरक्षक दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए यह छोटा-सा कदम अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने संदेश में कहा कि जब बात बच्चों के भविष्य की हो, तब हमारी थोड़ी-सी सतर्कता भी बड़ा परिवर्तन ला सकती है। पोलियो की दो बूंद केवल एक दवा नहीं, बल्कि बच्चों को आजीवन दिव्यांगता से बचाने और उनके उज्ज्वल भविष्य की सुरक्षा का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रत्येक अभिभावक की जिम्मेदारी है कि वह अपने बच्चों को समय पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाए। साथ ही उन्होंने समाज के सभी नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने आसपास के परिवारों को जागरूक करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा इस अभियान से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ने पोलियो उन्मूलन की दिशा में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है, लेकिन इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए नियमित रूप से आयोजित राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का प्रत्येक बच्चा स्वस्थ, सुरक्षित और रोगमुक्त वातावरण में विकसित हो।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें तथा अपने परिवार, पड़ोस और समाज के प्रत्येक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलवाकर इस अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से पोलियो मुक्त भारत का संकल्प और अधिक मजबूत होगा तथा आने वाली पीढ़ियों को इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सकेगा।




