
सक्ती/हसौद। सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेडिकोना में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भेडिकोना निवासी दो व्यक्ति किसी कार्य से हसौद गए हुए थे। वहां से वापस अपने गांव लौटते समय धमनी गांव के चौक के पास तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार अरविंद सोनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही हसौद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन एवं बाइक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया तथा घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। मृतक के शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्रवाई कर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने कैप्सूल वाहन चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्रवासियों ने लापरवाह वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।




