Janjgir-Champa: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने किया सामूहिक योगाभ्यास, रोप मलखंब में बिटिया डिम्पी सिंह ने बिखेरा हुनर, भीमा तालाब परिसर में हजारों लोगों ने लिया स्वस्थ भारत का संकल्प
योग कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा, जब जिले की प्रतिभाशाली बालिका डिम्पी सिंह ने रोप मलखंब का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। उनके अद्भुत संतुलन, साहस और कौशल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वित्त मंत्री ने डिम्पी सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार की सुबह जिला मुख्यालय जांजगीर के भीमा तालाब स्थित जाज्वल्यदेव द्वार परिसर में योग, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। “स्वस्थ आयु के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और क्षेत्रवासियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
रविवार की सुबह 7 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के सदस्यों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए, जिनका उद्देश्य शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान “योग: कर्मसु कौशलम्” के संदेश को आत्मसात करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की कला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में योग दिवस एक वैश्विक जन-आंदोलन के रूप में स्थापित हुआ है और आज दुनिया के अनेक देशों में लोग भारतीय योग परंपरा को अपनाकर स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ रहे हैं।
योग कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब रहा, जब जिले की प्रतिभाशाली बालिका डिम्पी सिंह ने रोप मलखंब का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी। उनके अद्भुत संतुलन, साहस और कौशल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वित्त मंत्री ने डिम्पी सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिला प्रशासन ने योग को घर-घर तक पहुंचाने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी नागरिकों से नियमित योग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के निर्माण और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
योग दिवस के इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली की दिशा में योग आज केवल एक अभ्यास नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक सशक्त माध्यम बन चुका है। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं विद्यार्थी गण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।









