जांजगीर में खुला अनोखा परामर्श केंद्र, जहां मिलेंगे समाधान, सुकून और सही सलाह… महिलाओं व उपभोक्ताओं के लिए नई उम्मीद बना यह केंद्र
घरेलू विवाद से उपभोक्ता शिकायत तक… अब हर परेशानी का मिलेगा शांतिपूर्ण रास्ता, लोगों को कोर्ट-कचहरी के चक्कर से बचाने अधिवक्ता मंजूलता राठौर की सराहनीय पहल

NKD@जांजगीर-चांपा। बदलते समय के साथ पारिवारिक विवादों, घरेलू तनाव और उपभोक्ता शिकायतों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कई लोग सही सलाह और मार्गदर्शन के अभाव में लंबे समय तक परेशान रहते हैं। ऐसे समय में जांजगीर-चांपा में अधिवक्ता मंजूलता राठौर द्वारा शुरू किया गया नया परामर्श केंद्र लोगों के लिए राहत और उम्मीद की किरण बनकर सामने आया है।
अधिवक्ता मंजूलता राठौर ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य लोगों को न्याय और समाधान के लिए भटकने से बचाना है। उन्होंने कहा कि कई बार छोटी-छोटी गलतफहमियां संवाद की कमी के कारण बड़े विवाद का रूप ले लेती हैं। ऐसे मामलों में यदि समय रहते सही परामर्श और समझाइश मिल जाए तो समस्याओं का शांतिपूर्ण समाधान संभव है।
इसी सोच के साथ शुरू किए गए इस परामर्श केंद्र में महिलाओं के लिए विशेष काउंसलिंग सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां महिलाएं अपने पारिवारिक विवाद, घरेलू समस्याएं और सामाजिक मुद्दों को खुलकर साझा कर सकेंगी तथा उन्हें शांतिपूर्ण समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन दिया जाएगा।
इसके साथ ही उपभोक्ताओं को भी उनकी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए सही कानूनी सलाह और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उचित मंच तक पहुंचाने में भी यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अधिवक्ता मंजूलता राठौर ने कहा कि उनका प्रयास केवल कानूनी सलाह देना नहीं, बल्कि लोगों के बीच संवाद, समझ और सामंजस्य बढ़ाना भी है। केंद्र में विवादों को आपसी सहमति और बातचीत के माध्यम से सुलझाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि परिवार टूटने के बजाय मजबूत बनें और समाज में सकारात्मक माहौल कायम रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाजहित में उठाया गया प्रेरणादायक कदम बताया है। लोगों का मानना है कि इस तरह के परामर्श केंद्र समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ रिश्तों को बचाने और लोगों को मानसिक राहत देने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
जांजगीर-चांपा में शुरू हुआ यह परामर्श केंद्र आने वाले समय में महिलाओं और उपभोक्ताओं के लिए एक भरोसेमंद सहायता केंद्र के रूप में अपनी अलग पहचान बना सकता है।






