
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने बदमाशों की साजिश को नाकाम कर दिया। गुढ़ियारी थाना पुलिस ने पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में डकैती की योजना बना रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की सक्रियता से समय रहते हुई इस कार्रवाई के चलते एक बड़ी वारदात टल गई।
पुलिस के अनुसार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में राजधानी में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ियारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियारों के साथ बड़ी वारदात की तैयारी में हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-7 के पीछे नया रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, दो चाकू, तीन मोबाइल फोन और 2,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
रेकी कर तैयार की थी पूरी योजना
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पंडरी स्थित कल्याण ज्वेलर्स में रात के समय डकैती डालने की तैयारी कर रहे थे। जांच में सामने आया कि 1 अप्रैल 2026 को गिरोह के एक सदस्य ने ज्वेलर्स की रेकी की थी। इस दौरान दुकान की सुरक्षा व्यवस्था, आने-जाने के रास्तों और वारदात को अंजाम देने की पूरी रणनीति तैयार की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी लगातार मोबाइल के माध्यम से रेकी से जुड़ी तस्वीरें और जानकारी साझा कर रहे थे और डकैती की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा था।
दो आरोपी अब भी फरार
गुढ़ियारी थाना पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 321/2026 दर्ज करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(4) (डकैती का प्रयास) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—
- देवांश शर्मा (19 वर्ष) — सागरपुर, दिल्ली
- सुशांत कुमार पासवान (19 वर्ष) — नजफगढ़, दिल्ली
- मयंक सिंह (19 वर्ष) — सिकंदरपुर, मुजफ्फरपुर (बिहार)
वहीं, गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं। पुलिस अब पूरे गिरोह के नेटवर्क, हथियारों की व्यवस्था और अन्य आपराधिक गतिविधियों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से राजधानी में होने वाली एक बड़ी डकैती की घटना को टाल दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना है।





