Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
क्राइमछत्तीसगढ़जांजगीरजांजगीर-चांपाटॉप न्यूज़लोकल न्यूज़
Trending

भारतमाला मार्ग पर सुबह की सैर बनी आखिरी सफर: तेज रफ्तार का कहर, तीन बुजुर्गों की दर्दनाक मौत से गांव में मातम

यह हृदयविदारक हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाले भारतमाला मार्ग पर सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर बिखरे शवों का मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

राजेंद्र राठौर@जांजगीर-चांपा। रविवार की सुबह ग्राम डोंगरी-कोरबी में हर दिन की तरह शुरू हुई थी। गांव के तीन बुजुर्ग रोज की तरह ताजी हवा में मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी सुबह साबित होगी। भारतमाला मार्ग पर तेज रफ्तार से आए एक अज्ञात वाहन ने तीनों को इतनी भीषण टक्कर मारी कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। सड़क पर ही तीनों ने दम तोड़ दिया, जबकि हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

यह हृदयविदारक हादसा बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगरी-कोरबी से गुजरने वाले भारतमाला मार्ग पर सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच हुआ। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। सड़क पर बिखरे शवों का मंजर देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

रोज साथ निकलते थे टहलने, आज साथ ही चली गई तीनों की जिंदगी

मृतकों की पहचान 62 वर्षीय दिलहरण दास वैष्णव पिता स्व. नौमन दास वैष्णव निवासी ग्राम डोंगरी, 52 वर्षीय केदार बरेठ पिता दानसाय बरेठ निवासी ग्राम डोंगरी और 65 वर्षीय संतूराम यादव पिता स्व. चिंताराम यादव निवासी ग्राम कोरबी सभी का पुलिस थाना बलौदा के रूप में हुई है। तीनों प्रतिदिन सुबह स्वास्थ्य लाभ के लिए मॉर्निंग वॉक पर निकलते थे। रविवार को भी वे उसी दिनचर्या का पालन कर रहे थे, लेकिन तेज रफ्तार वाहन उनकी जिंदगी पर काल बनकर टूट पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक बिना रुके फरार हो गया, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही बलौदा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपे जाएंगे।

बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन एवं चालक की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।

भारतमाला मार्ग पर फिर उठे सुरक्षा के सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद भारतमाला मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और पैदल चलने वालों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहन तेज गति से गुजरते हैं, लेकिन स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा व्यवस्था का अभाव बना हुआ है। यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ऐसे हादसे दोबारा भी हो सकते हैं।

रविवार की यह सुबह डोंगरी-कोरबी गांव के लिए कभी न भूलने वाला दर्द छोड़ गई। जिन तीन लोगों ने स्वस्थ रहने के लिए घर से कदम बढ़ाए थे, वे वापस कभी लौट नहीं सके। अब गांव की गलियों में उनकी यादें हैं और परिवारों की आंखों में अपनों को खोने का गहरा दर्द।

Rajendra Rathore

राजेंद्र राठौर विगत 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनके परिवार में पत्रकारिता का कोई पारंपरिक इतिहास नहीं रहा, फिर भी उन्होंने इस क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान स्थापित की। उन्होंने वर्ष 2001 में दैनिक नवभारत में सर्वेयर के रूप में अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत की। वर्ष 2017 में उन्होंने दैनिक नवीन कदम समाचार पत्र समूह में कार्यभार संभाला और तब से वे आज पर्यंत “स्थानीय संपादक” के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!