कोर्ट-कचहरीक्राइमछत्तीसगढ़जांजगीरजांजगीर-चांपालोकल न्यूज़
Trending

अब सड़क पर शराबी ड्राइविंग नहीं चलेगी, जांजगीर कोर्ट की अनोखी सजा ने दिया बड़ा संदेश, 15 दिन तक चौक-चौराहों पर खड़े होकर लोगों को करेगा जागरूक

आरोपी पूर्व में भी शराब सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़ा जा चुका है। उस दौरान उस पर 10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया था। बावजूद इसके दोबारा वही गलती दोहराने पर इस बार न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए समाजोपयोगी दंड सुनाया

एनकेडी@जांजगीर-चांपा। सड़क सुरक्षा और जनजागरूकता को लेकर जांजगीर की अदालत ने एक ऐसा फैसला सुनाया है, जो अब जिलेभर में चर्चा का विषय बन गया है। शराब पीकर वाहन चलाने वाले एक आरोपी को केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि समाजोपयोगी दंड देते हुए लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसे जिले में इस तरह की सजा का पहला मामला माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, यातायात पुलिस जांजगीर-चांपा द्वारा वाहन चालक गुरु गोविंद को 21 मई 2026 को शराब सेवन की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया था। आरोपी के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहन जप्त किया गया और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले की सुनवाई के बाद मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय जांजगीर ने आरोपी पर 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही न्यायालय ने एक अनोखी और समाज को संदेश देने वाली सजा सुनाते हुए आरोपी को 15 दिनों की सामुदायिक सेवा करने का आदेश दिया।

अब चौक-चौराहों पर देगा संदेश

न्यायालय के आदेशानुसार, आरोपी गुरु गोविंद 23 मई 2026 से प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर खड़े होकर लोगों को शराब का सेवन न करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने के लिए जागरूक करेगा। कोर्ट ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सामुदायिक सेवा के दौरान आरोपी की नियमित उपस्थिति दर्ज की जाएगी और सेवा अवधि पूर्ण होने के बाद विस्तृत प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। आदेश का उल्लंघन करने पर तत्काल न्यायालय को सूचित किया जाएगा।

पहले भी पकड़ा गया था आरोपी

बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी शराब सेवन कर वाहन चलाते हुए पकड़ा जा चुका है। उस दौरान उस पर 10 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया था। बावजूद इसके दोबारा वही गलती दोहराने पर इस बार न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए समाजोपयोगी दंड सुनाया।

सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान जारी

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा को लेकर अभियान चला रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।

मजबूत और जागरूक करने वाला कदम

फिलहाल, इस फैसले को सड़क सुरक्षा की दिशा में एक मजबूत और जागरूक करने वाला कदम माना जा रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा कि शराब पीकर वाहन चलाना केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालने जैसा अपराध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!