नगर संवाददाता@जांजगीर। भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की पावन रथयात्रा के अवसर पर जांजगीर नगर में 16 जुलाई (गुरुवार) को भव्य धार्मिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों ने नगर सहित आसपास के क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर भगवान श्री जगन्नाथ के दर्शन एवं रथयात्रा में सहभागी बनने की अपील की है।

रथयात्रा शाम 4 बजे महामाया मंदिर, भीमतालाब से प्रारंभ होगी। इसके बाद शोभायात्रा भीमतालाब, शारदा चौक, नेताजी चौक और कचहरी चौक से होकर पुनः भीमतालाब स्थित सामुदायिक भवन पहुंचेगी, जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ यात्रा का समापन होगा।
रथयात्रा के दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा के दिव्य विग्रहों का भव्य श्रृंगार किया जाएगा। पूरे मार्ग में श्रद्धालु पुष्पवर्षा, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ भगवान का स्वागत करेंगे। आयोजन स्थल एवं यात्रा मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए भी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
आयोजन के मुख्य आचार्य पंडित प्रयाग तिवारी एवं ओमप्रकाश शुक्ला के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। आयोजकों ने बताया कि रथयात्रा भारतीय सनातन संस्कृति की आस्था और एकता का प्रतीक है तथा इसमें शामिल होकर रथ खींचने और भगवान के दर्शन करने का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है।
इस भव्य आयोजन का संयुक्त रूप से संयोजन एवं संचालन जय महाकाल धर्मार्थ जनकल्याणकारी सेवा समिति, महामाया मंदिर समिति एवं श्रीराम सेना सेवा समिति, जांजगीर द्वारा किया जा रहा है। समितियों ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने तथा धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।