अफरीद-मुड़पार में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: तड़के 4 बजे अतिक्रमण हटाने पहुंचा अमला, 3 मकान ढहाए, विरोध के बाद रुकी कार्रवाई
बताया जा रहा है कि वन विभाग ने इस क्षेत्र के 18 मकान मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किया था। विभाग का कहना है कि नोटिस प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

जांजगीर-चांपा। जिले के अफरीद-मुड़पार क्षेत्र में शनिवार तड़के वन विभाग ने कथित वन भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए बड़ी कार्रवाई शुरू की। सुबह लगभग 4 बजे वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस बल और जेसीबी मशीनों के साथ मौके पर पहुंचे और अभियान शुरू किया।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी की मदद से तीन मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। जैसे ही कार्रवाई की जानकारी ग्रामीणों को मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि कार्रवाई को लेकर उनकी आपत्तियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
ग्रामीणों के विरोध के बीच भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का विरोध जताया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया भी घटनास्थल पर मौजूद रहे और ग्रामीणों से चर्चा के साथ अधिकारियों से भी बातचीत की। विरोध बढ़ने के बाद फिलहाल कार्रवाई रोक दी गई।
बताया जा रहा है कि वन विभाग ने इस क्षेत्र के 18 मकान मालिकों को पहले ही नोटिस जारी किया था। विभाग का कहना है कि नोटिस प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
मौके पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। समाचार लिखे जाने तक वन विभाग के अधिकारी और पुलिस बल क्षेत्र में मौजूद थे तथा स्थिति पर नजर बनाए हुए थे।
फिलहाल, प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बातचीत की संभावना बनी हुई है। आगे की कार्रवाई प्रशासन के निर्णय और मौके की स्थिति के अनुसार तय होगी।





