जांजगीर पहुंचा ‘पुष्पक विमान’… हवा में नहीं, सड़कों पर भरता है शाही उड़ान
जिसने भी देखा, बस देखता रह गया… शादी-ब्याह में दूल्हे की एंट्री अब बनेगी रॉयल और यादगार

राजेंद्र राठौर @ जांजगीर चांपा। त्रेता युग के प्रसिद्ध पुष्पक विमान का नाम सुनते ही लोगों के मन में एक दिव्य और राजसी सवारी की तस्वीर उभर आती है। अब कुछ ऐसा ही नज़ारा जांजगीर-नैला की सड़कों पर देखने को मिल रहा है। फर्क सिर्फ इतना है कि यह पुष्पक विमान आसमान में नहीं उड़ता, बल्कि सड़कों पर फर्राटे से दौड़ता है और जहां से गुजरता है, लोगों की भीड़ अपने आप उमड़ पड़ती है।
दरअसल, नैला स्थित यादव टेंट हाउस द्वारा एक बेहद आकर्षक और शाही वेन्टेज कार को शादी-ब्याह के लिए तैयार कराया गया है। सीजी 10 बीए 2421 नंबर की इस शानदार कार को उत्तर प्रदेश से करीब 10 लाख रुपए खर्च कर विशेष रूप से सजवाया गया है। कार का लुक इतना आकर्षक और अलग है कि लोग इसे देखते ही रुक जा रहे हैं और मोबाइल निकालकर फोटो व वीडियो बनाने लगते हैं।
यह यादव शाही वेन्टेज कार पूरी तरह रॉयल थीम पर तैयार की गई है। 5 सीटर इस लग्जरी कार में ड्राइवर सहित पांच लोग आराम से बैठ सकते हैं। खास बात यह है कि कार का डिजाइन पुराने राजसी दौर की झलक देता है, जिससे दूल्हे की एंट्री किसी राजा-महाराजा से कम नहीं लगती।
कार में शानदार पैरदान, क्लासिक बॉडी डिजाइन, चमचमाता एक्सटीरियर और बेहद लग्जरी इंटीरियर दिया गया है। अंदर बैठते ही व्यक्ति को किसी फिल्मी सेट या महाराजा की सवारी जैसा एहसास होता है। रात के समय इसकी चमक और लाइटिंग इसे और भी आकर्षक बना देती है।
शादी सीजन में इस अनोखी वेन्टेज कार को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। शहर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग सिर्फ इस कार को देखने नैला पहुंच रहे हैं। कई परिवारों ने तो पहले से ही शादी समारोह के लिए इसकी बुकिंग की जानकारी लेना शुरू कर दिया है।
यादव टेंट हाउस संचालकों का कहना है कि उनका उद्देश्य शादी समारोह को यादगार और शाही अंदाज देना है, ताकि दूल्हे की एंट्री हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र बने। यही वजह है कि इस खास वेन्टेज कार को आधुनिक सुविधाओं और क्लासिक लुक के साथ तैयार कराया गया है।
अब जांजगीर-चांपा जिले में शादी-ब्याह के शुभ अवसर पर दूल्हे की एंट्री सिर्फ घोड़ी या साधारण कार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पुष्पक विमान जैसी शाही सवारी में भी नजर आएगी।





