रहस्य से भरा घर… बाहर पुड़िया, भीतर छिपा था 10 लाख का ‘हरा खजाना’, मुखबिर की एक सूचना ने खोला बड़ा राज
तलाशी के दौरान खाकी टेप से पैक चार पैकेट और दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 55 हजार रुपये है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।

जांजगीर-चांपा। चांपा शहर के एक सामान्य से मकान में ऐसा राज छिपा होगा, इसकी किसी को भनक तक नहीं थी। बाहर से सब कुछ सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन पुलिस को मिली एक गुप्त सूचना ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। जब पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा और उसके घर की तलाशी ली, तो अंदर से जो मिला उसने पुलिस टीम को भी चौंका दिया।
जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को थाना चांपा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हनुमान चौक स्थित देवांगन पारा में एक युवक कागज की पुड़िया में गांजा बेच रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी। वहां एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में गांजा बेचते मिला, जिसे तत्काल हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम वीरेन्द्र देवांगन (28) निवासी हनुमान चौक, देवांगन पारा, चांपा बताया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसके घर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान खाकी टेप से पैक चार पैकेट और दो प्लास्टिक बोरियों में रखा कुल 21.1 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख 55 हजार रुपये है। इसके अलावा गांजा बिक्री से प्राप्त 10,450 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 357/2026 दर्ज कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला कायम किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई। अभियान का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव ने किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक सत्यम चौहान, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, रूकसाना बानो, निकिता साहू, सहायक उप निरीक्षक भुवनेश्वर राठौर, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता साहू, आरक्षक ईश्वरी राठौर, प्रकाश द्विवेदी, मुद्रिका दुबे, विरेश सिंह सहित थाना चांपा की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।





