Sakti: कानून-व्यवस्था की चुनौतियों से निपटने पुलिस अलर्ट, एसपी ने परखी जवानों की तैयारी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की वर्दी, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, परेड संचालन तथा उनके पास उपलब्ध आवश्यक पुलिस उपकरणों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने जवानों की सजगता और तत्परता का परीक्षण करते हुए कहा कि पुलिस बल की मजबूती केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और बेहतर समन्वय से सुनिश्चित होती है।

शहजाद खान@सक्ती। जिले में पुलिस बल की कार्यक्षमता, अनुशासन और आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को मजबूत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन सक्ती में जनरल परेड एवं बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने स्वयं परेड का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा कानून-व्यवस्था की किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति में प्रभावी कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और जवानों की वर्दी, शारीरिक दक्षता, अनुशासन, परेड संचालन तथा उनके पास उपलब्ध आवश्यक पुलिस उपकरणों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने जवानों की सजगता और तत्परता का परीक्षण करते हुए कहा कि पुलिस बल की मजबूती केवल संसाधनों से नहीं, बल्कि नियमित प्रशिक्षण, अनुशासन और बेहतर समन्वय से सुनिश्चित होती है।
इसके बाद पुलिस लाइन परिसर में बलवा ड्रिल का विशेष अभ्यास कराया गया। अभ्यास के दौरान जवानों को भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में रणनीतिक कार्रवाई, संवेदनशील परिस्थितियों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन हालात में त्वरित प्रतिक्रिया देने के गुर सिखाए गए। पुलिस बल ने विभिन्न परिस्थितियों का प्रदर्शन करते हुए यह बताया कि उपद्रव, विरोध प्रदर्शन या किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में किस प्रकार समन्वित तरीके से कार्रवाई की जाती है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में पुलिस को हर प्रकार की परिस्थिति के लिए तैयार रहना आवश्यक है। किसी भी अप्रत्याशित घटना या कानून-व्यवस्था की चुनौती से सफलतापूर्वक निपटने के लिए नियमित अभ्यास और प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसेवा की भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा आम जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा, जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। जनरल परेड और बलवा ड्रिल के माध्यम से पुलिस बल की तैयारियों को परखा गया तथा भविष्य में किसी भी चुनौतीपूर्ण स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।








