Welcome to नवीन कदम डिजिटल   Click to listen highlighted text! Welcome to नवीन कदम डिजिटल
क्राइमछत्तीसगढ़जांजगीर-चांपालोकल न्यूज़सक्ती
Trending

मॉर्निंग वॉक बना मौत का सफर: अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दो घंटे तक रहा चक्काजाम

युवक की असमय मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया तथा आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।

डभरा। सक्ती जिले के डभरा क्षेत्र में गुरुवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। प्रशासन की समझाइश और तत्काल सहायता राशि प्रदान किए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

जानकारी के अनुसार, डभरा निवासी देव चंद्रा (25) पिता रामगोपाल चंद्रा गुरुवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। वे पुटीडीह नाला के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक करीब 50 फीट तक वाहन के साथ घिसटता चला गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया।

घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। युवक की असमय मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया तथा आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे। चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित हो गया।

सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तत्काल घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें शांत कराया। इस दौरान शासन की ओर से मिलने वाली 25 हजार रुपये की तत्काल सहायता राशि मृतक के परिजनों को प्रदान की गई। इसके बाद करीब दो घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल किया गया।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं फरार अज्ञात वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के मार्गों और संभावित सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने और आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!