फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने वाला फरार आरोपी गिरफ्तार
पॉक्सो एक्ट के मामले में नवागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सहयोगी आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल

एनकेडी@नवागढ़। नाबालिग से दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के एक गंभीर मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने में नवागढ़ पुलिस को सफलता मिली है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था, जिसकी पुलिस द्वारा तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग को फोटो एवं वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण किया था। वहीं घटना के दौरान अपने एक सहयोगी के साथ पीड़िता के घर पहुंचकर मारपीट करने का भी आरोप है।
प्रकरण में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर थाना नवागढ़ में अपराध कायम कर विवेचना की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहयोगी आरोपी को पूर्व में ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी हिमांशु खूंटे उर्फ ईमानुयेन खूंटे (20 वर्ष) निवासी पथर्रा को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार करने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े अपराधों के मामलों में विशेष गंभीरता के साथ कार्रवाई की जा रही है तथा ऐसे मामलों में आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक मणिकांत पांडे, सहायक उपनिरीक्षक नजीर हुसैन एवं थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




