Sakti: बिना लाइसेंस खाद का भंडारण पड़ा भारी, कालाबाजारी की आशंका पर कृषि विभाग की सख्त कार्रवाई, 82 बोरी खाद जब्त
किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिलेभर में लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विकासखंड डभरा के ग्राम पुटीडीह में प्रशासनिक टीम ने छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में खाद बरामद किया।

NKD@सक्ती। जिले में उर्वरक की कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 82 बोरी खाद जब्त की है। किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में जिलेभर में लगातार निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विकासखंड डभरा के ग्राम पुटीडीह में प्रशासनिक टीम ने छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में खाद बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, उप संचालक कृषि तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में कृषि विभाग को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम पुटीडीह में बिना वैध अनुमति के उर्वरक का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर विकासखंड स्तरीय जांच दल ने श्री दिलीप कुमार साहू के घर पहुंचकर जांच की, जहां लगभग 82 बोरी उर्वरक, जिसका कुल वजन करीब 4.100 मेट्रिक टन बताया गया, भंडारित मिला।
जांच के दौरान संबंधित व्यक्ति से खाद खरीदी के बिल और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन कोई संतोषजनक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराया जा सका। दस्तावेजों के अभाव में अधिकारियों ने प्रथम दृष्टया इसे उर्वरक की कालाबाजारी और किसानों को ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी माना।
इसके बाद उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कार्रवाई करते हुए विकासखंड डभरा के उर्वरक निरीक्षक राजेन्द्र कुमार पटेल ने पूरे उर्वरक स्टॉक को जब्त कर लिया। जब्त खाद को नियमानुसार संबंधित व्यक्ति की सुपुर्दगी में रखा गया है तथा उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
इस कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार डभरा आशीष पटेल, हल्का पटवारी एवं ग्राम कोटवार भी मौके पर उपस्थित रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में अवैध खाद कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। कृषि विभाग ने जिले के सभी उर्वरक विक्रेताओं और व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना लाइसेंस खाद का भंडारण, परिवहन या विक्रय करने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही उर्वरक खरीदें और हर खरीद पर पक्का बिल अवश्य लें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके। प्रशासन ने आम लोगों और किसानों से कहा है कि यदि कहीं भी खाद की जमाखोरी, कालाबाजारी या अनियमित बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल जिला कृषि विभाग अथवा विकासखंड कृषि कार्यालय को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।




