अब हाईवे पर नहीं फंसेंगे यात्री, आपातकालीन सहायता सेवा शुरू, टायर पंचर से लेकर मेडिकल इमरजेंसी तक मिलेगी तत्काल मदद
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हाईवे पर यात्रा को और अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सहायता सेवा शुरू की है।

एनकेडी@जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने हाईवे पर यात्रा को और अधिक सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक एम्बुलेंस एवं आपातकालीन सहायता सेवा शुरू की है।

अब राष्ट्रीय राजमार्ग-49 और 130 पर रायपुर से रायगढ़ तक यात्रा करने वाले लोगों को सड़क पर किसी भी संकट की स्थिति में सिर्फ टोल फ्री नंबर 1033 डायल करना होगा और तत्काल मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
एनएचएआई की परियोजना क्रियान्वयन इकाई द्वारा शुरू की गई इस सेवा के तहत दुर्घटना, वाहन खराब होने, टायर पंचर, अचानक तबीयत बिगड़ने, सड़क जाम अथवा अन्य आपात स्थितियों में यात्रियों को त्वरित सहायता मिलेगी। अधिकारियों के अनुसार यह सेवा 24 घंटे सक्रिय रहेगी और यात्रियों के लिए “सुरक्षा कवच” की तरह काम करेगी।
एक कॉल पर पहुंचेगी मदद
एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि जैसे ही कोई यात्री हेल्पलाइन नंबर 1033 पर कॉल करेगा, कंट्रोल रूम तत्काल लोकेशन ट्रेस कर सहायता टीम को रवाना करेगा। आवश्यकता के अनुसार एम्बुलेंस, पेट्रोलिंग वाहन, क्रेन अथवा तकनीकी सहायता टीम मौके पर भेजी जाएगी। यदि कोई यात्री घायल होता है तो उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था भी की जाएगी।
यात्रियों को तुरंत सहायता
इसके अलावा सड़क पर वाहन खराब होने, टायर पंचर, इंजन फेल, पेड़ गिरने या बारिश के दौरान रास्ता बाधित होने जैसी परिस्थितियों में भी यात्रियों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। एनएचएआई का कहना है कि हाईवे पर यात्रा के दौरान लोगों को अब असहाय महसूस नहीं करना पड़ेगा।
यात्री सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
एनएचएआई परियोजना अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सफर करने वाले प्रत्येक यात्री की जान और सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से हाईवे इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम को और अधिक मजबूत किया गया है। अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि सफर पर निकलने से पहले हेल्पलाइन नंबर 1033 अपने मोबाइल में जरूर सेव कर लें। किसी भी संकट की घड़ी में यह नंबर यात्रियों के लिए संजीवनी साबित हो सकता है।
हाईवे सफर होगा अब सुरक्षित
एनएचएआई की इस नई पहल से खासतौर पर रात के समय सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अक्सर हाईवे पर दुर्घटना या वाहन खराब होने की स्थिति में लोग घंटों मदद का इंतजार करते थे, लेकिन अब एक फोन कॉल पर राहत टीम मौके पर पहुंच सकेगी। यात्रियों ने भी इस सुविधा को बेहद उपयोगी और जरूरी कदम बताया है।




